दोस्तों ने पहले शराब पी फिर नदी में नहाने लगे लेकिन 22 साल का निशांत प्रधान नदी में डूब गया

देहरादून, businessthought.page बुधवार की शाम को कुछ दोस्तों ने मिलकर चंद्रवटी नदी किनारे बैठकर शराब पी। उसके बाद सभी दोस्त नहाने लगे। लेकिन उनमें से एक दोस्त 22 साल का निशांत प्रधान नदी में डूब गया। देर रात तक पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लापता युवक की तलाश कर रही थी। 


             शाम के समय राजपुर थाना क्षेत्र के कैंट निवासी इच्छुक गुरुंग ने पुलिस को सूचना दी कि उनका एक दोस्त निशांत प्रधान पुत्र संजय प्रधान निवासी चंद्रबनी और वह लोग चंद्रवटी नदी के किनारे गए थे। वहां उन्होंने पहले शराब पी। उसके बाद नदी में नहाने लगे। पुलिस को उन्होंने बताया कि नहाने के दौरान निशांत नदी में आगे चला गया और पैर फिसलने से वह तेज बहाव में बह गया। घबराए दोस्तों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। एक युवक के नदी में बह जाने की खबर मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने देर रात तक संयुक्त रूप से अभियान चलाया लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कुछ पता नहीं चला था। 


                   


 


बरसात का मौसम शुरू हो चुका है और इस समय उत्तराखंड की सभी नदियां और छोटे बड़े नालों में तेज पानी रहता है। पुलिस और प्रशासन भी इस बारे में सबको सूचना देता रहता है की नदियों के किनारे ना जाएं और पानी में भी ज्यादा दूर तक ना जाएं। लेकिन इसके बावजूद कई लोग इन सूचनाओं की अनदेखी करते हैं। खास तौर पर ऐसी जगहों पर शराब पीकर पिकनिक मनाने पहुंचने वाले युवक घटना का शिकार हो जाते हैं। 


   एक अन्य घटना में राजधानी के कनक चौक पर करंट की चपेट में आने से हरिद्वार के ज्वालापुर निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई। कोतवाली पुलिस के मुताबिक बाल मकान जो कि सराय बस्ती ज्वालापुर हरिद्वार का रहने वाला था। वह अंगूठी के नग बेचने का काम करता था। आज शाम के समय वह कनक चौक पर करंट लगने से झुलस गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने उसके परिवार वालों को सूचना भेज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।