दु:खद : शनिवार को राजधानी में तीन-तीन आत्महत्याएं

* रायपुर के निशांत, प्रेम नगर के अंकित और बसंत विहार के अमित ठाकुर ने फांसी लगाकर दे दी जान 


देहरादून, businessthought.page शनिवार का दिन राजधानी दून के लिए दुखद समाचार लेकर आया। रायपुर, प्रेम नगर और बसंत बिहार की तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन युवकों ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इन दुखद हादसों की आज हर तरफ चर्चा हो रही है।


     पहली घटना रायपुर थाना क्षेत्र के lower नेहरू ग्राम में हुई। आत्महत्या की सूचना मिलने पर रायपुर पुलिस रेशम थापा गली, लोअर नेहरू ग्राम पहुंची। पुलिस के मुताबिक परिजनों ने बताया कि 28 वर्षीय निशांत दो-तीन दिन से खाना भी नहीं खा रहा था। आज सुबह वह अपने कमरे में गया और उसने दोपहर तक दरवाजा नहीं खोला। उसके बाद घर वालों ने उसके कमरे की खिड़की से अंदर झांका तो उनके होश उड़ गए। निशांत कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ था। 


 पुलिस ने बताया कि निशांत के परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा और पंखे से नीचे उतारा। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया गया कि निशांत आईएसबीटी क्षेत्र में प्राइवेट कंपनी में अकाउंटेंट का काम करता था और lockdown  के बाद से ही घर पर रहकर काम कर रहा था।उसके कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।


    दूसरा हादसा प्रेम नगर थाना क्षेत्र के स्मिथ नगर में हुआ। आत्महत्या की घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने पुलिस को बताया कि 26 वर्षीय अंकित दिल्ली में नौकरी करता था। एक साल पहले वह दिल्ली से वापस आ गया था। लेकिन मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बताया गया कि उसके माता पिता मजदूरी करते हैं। आज सुबह उसने फांसी लगाकर जान दे दी। इस मामले में पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।


  तीसरी दुखद घटना बसंत बिहार थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को शनिवार को एक फोन आया कि श्री देव सुमन नगर विजय पार्क में 25 साल के एक युवक अमित ठाकुर ने छत की राड में गमछा डाल कर फांसी लगा ली है। आत्महत्या की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर दौड़ी। पूछताछ में पता चला कि अमित के माता पिता का देहांत 1 साल पहले हो गया था वह यहां पर अपने भाई भाभी के साथ रह रहा था। जानकारी मिली कि निरंजनपुर में एक प्राइवेट कंपनी में वह काम कर रहा था। पुलिस को उसके कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।